जयपुर हादसा: उदयपुर की बस बनी आग का गोला: 32 यात्रियों में से 24 घर, 8 अस्पताल पहुंचे, ड्राइवर की मौत, खलासी लापता
जयपुर-अजमेर हाईवे पर जयपुर से महज 11 किमी पहले एलपीजी गैस टैंकर से ट्रक की भिड़ंत और इसके बाद लगी आग की चपेट में उदयपुर की बस भी आई। 32 यात्रियों के साथ चालक-खलासी भी थे। बस देखते ही देखते खाक हो गई। लोहे का ढांचा ही बचा। शहर में खांजीपीर निवासी ड्राइवर शाहिद बुरी तरह झुलस गए। इलाज के दौरान मौत हो गई। खलासी चित्तौड़गढ़ निवासी कालू लापता हैं। देर रात तक उनसे न तो कोई संपर्क ही हुआ और न ही वे घायल- मृतकों में नजर आए। बॉडी बुरी तरह जलने से पांच लोगों की पहचान भी नहीं हो पाई। ऐसे में कई तरह की आशंकाएं भी हैं। बताया जा रहा है कि यह बस धधकते टैंकर के पीछे चल रहे वाहनों में पांचवें नंबर पर थी। आग लगते ही यात्री जैसे-तैसे कूदे। ऐसे में 8 को गंभीर चोट आई। इस दौरान वे झुलस भी गए। ये जयपुर के अस्पतालों में भर्ती हैं। अन्य सभी 24 यात्री अपने घर पहुंच गए हैं। हालांकि, इनमें से भी कुछ को बस से कूदने आदि के दौरान हल्की चोटें लगी हैं
DS7NEWS NETWORK