सलूम्बर: लसाड़िया थाने में तैनात कांस्टेबल 7 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, SHO की भूमिका भी जांच के घेरे में
डीएस 7 न्यूज चित्तौड़गढ़। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सलूम्बर जिले के लसाड़िया थाना क्षेत्र में तैनात कांस्टेबल किशनलाल शर्मा को 7 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कांस्टेबल यह रिश्वत शराब ठेके से एसएचओ के नाम पर मंथली वसूली के रूप में ले रहा था।
जानकारी के अनुसार, ACB को शिकायत मिली थी कि कांस्टेबल किशनलाल परिवादी के पार्टनर के शराब के ठेके से हर महीने 7 हजार रुपए की मांग कर रहा है। वह ठेके के काम में बाधा डालने और परेशान करने की धमकी देकर यह रकम वसूलता था।
जाल बिछाकर पकड़ा
उदयपुर रेंज के डीआईजी राजेन्द्र प्रसाद गोयल के निर्देशन और चित्तौड़गढ़ ACB के अधिकारी विक्रम सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। जैसे ही कांस्टेबल किशनलाल ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
एसएचओ की भूमिका भी जांच के दायरे में
ACB की एडीजी स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में पूछताछ की जा रही है। साथ ही अब इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या इस वसूली में संबंधित एसएचओ की कोई भूमिका रही। फिलहाल भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है
Tags
Breaking News