उदयपुर: फर्जी कॉल सेंटर से कनाडावासियों से ठगी – 33 आरोपी जेल, 8 पुलिस रिमांड पर
डीएस 7 न्यूज उदयपुर, 3 मई: शहर में चल रहे एक बड़े फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए सवीना पुलिस ने 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया। शुक्रवार को सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से 10 युवतियों समेत 33 लोगों को जेल भेज दिया गया, जबकि 8 आरोपियों को 7 मई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस ने इन सभी को गुरुवार को डाकनकोटड़ा क्षेत्र स्थित सफायर होटल से गिरफ्तार किया था, जहां ये वन-वे टेक्नोलॉजी के नाम से फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे। ये आरोपी खुद को अमेजन जैसी नामी ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के फर्जी बैंक प्रतिनिधि बताकर कनाडा के नागरिकों को कॉल कर ठगी कर रहे थे।
पुलिस ने बरामद किए अहम सबूत:
थानाधिकारी अजयसिंह राव ने बताया कि इस गिरोह से 30 लैपटॉप, 29 हेडफोन-माइक, 25 लैपटॉप चार्जर और 48 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपी फर्राटेदार अंग्रेजी और कनाडा की स्थानीय भाषा में बात करने में माहिर थे, जिससे वे विदेशी नागरिकों को आसानी से झांसे में ले लेते थे।
पुलिस अब कॉल सेंटर से जुड़े बैंक खातों, ट्रांजैक्शन और इंटरनेशनल कॉल रिकॉर्ड्स की जांच कर रही है। यह कार्रवाई साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
DS7 News Network
Tags
Breaking News