राजस्थान में 28 शहरों में कल ब्लैकआउट और सायरन की गूंज, युद्ध जैसी स्थिति से निपटने की तैयारी
डीएस 7 न्यूज DS7 News Network | 6 मई 2025
केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर राजस्थान के उदयपुर सहित 28 शहरों में कल यानी 7 मई को युद्ध जैसी स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल की जाएगी। इस दौरान इन शहरों में ब्लैकआउट होगा और रात में सायरन भी बजाए जाएंगे। मॉक ड्रिल का उद्देश्य नागरिकों को आपातकालीन हालात में सुरक्षित रहने के लिए प्रशिक्षित करना है।
इन शहरों में होगी मॉक ड्रिलः कोटा, रावतभाटा (चित्तौड़गढ़), अजमेर, अलवर, बाड़मेर, भरतपुर, बीकानेर, बूंदी, गंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, उदयपुर, सीकर, नाल (बीकानेर), सूरतगढ़ (श्रीगंगानगर), आबूरोड (सिरोही), नसीराबाद (अजमेर), भिवाड़ी, फुलेरा (जयपुर), नागौर, जालोर, ब्यावर, लालगढ़ (श्रीगंगानगर), सवाई माधोपुर, पाली और भीलवाड़ा।
सिविल डिफेंस की टीमें पहले से ही इस एक्सरसाइज की तैयारियों में जुट गई हैं। हालांकि, ब्लैकआउट और सायरन बजने का समय अभी स्पष्ट रूप से घोषित नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार, इस मॉक ड्रिल में एयर रेड अलर्ट, ब्लैकआउट प्रोटोकॉल और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया जाएगा। यह अभ्यास आम नागरिकों और स्थानीय प्रशासन के बीच तालमेल को बेहतर बनाने के मकसद से किया जा रहा है।
सरहदी इलाकों के लोगों का कहना है कि उन्होंने इस तरह की तैयारियां आखिरी बार साल 1971 के युद्ध के दौरान देखी थीं। ऐसे में कई इलाकों में एक बार फिर सतर्कता और सुरक्षा की भावना देखी जा रही है।
Tags
Breaking News