उदयपुर में मौसम ने बदला मिज़ाज — दिनभर बूंदाबांदी, रात में झमाझम बारिश और ओलों की बौछार
डीएस 7 न्यूज उदयपुर लेकसिटी उदयपुर में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट लेते हुए वैशाख में सावन जैसा अहसास करा दिया। दिन की शुरुआत हल्की फुहारों से हुई, जिसने शहर के वातावरण में ठंडक घोल दी। अपराह्न में भी हल्की बारिश जारी रही, लेकिन असली मानसून का नज़ारा रात को देखने को मिला जब आठ बजे के बाद तेज हवाओं के साथ काले बादलों ने जमकर बरसात की।
रातभर रुक-रुक कर बारिश का दौर चलता रहा, जिससे जनजीवन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। कई इलाकों में तेज हवाओं के कारण पेड़ों की शाखाएं टूट गईं और यातायात व्यवस्था बाधित हुई। नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल भी बारिश ने खोल दी, जब नालियों के जाम होने से कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई।
उदयपुर शहर ही नहीं, जिले के ग्रामीण इलाकों में भी मौसम का यह बदलाव देखने को मिला। कई गांवों में तेज बारिश के साथ ओले गिरने की भी सूचना मिली, जिससे खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका है। हालांकि, आम जनजीवन के लिए यह मौसम सुकून भरा रहा। दिनभर की उमस के बाद शाम और रात की ठंडी फिजा ने लोगों को राहत दी।
शहर के पर्यटन स्थलों पर भी इसका असर दिखा। मानसून पैलेस, फतेहसागर झील और सज्जनगढ़ जैसे स्थानों पर पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ी, जिन्होंने इस सुहावने मौसम का भरपूर आनंद उठाया।
DS7 News Network आप तक लाता रहेगा मौसम से जुड़ी हर बड़ी खबर।
Tags
Breaking News