चित्तौड़गढ़ में बदला मौसम का मिजाज, तेज बारिश से गर्मी से राहत लेकिन सड़कें बनी तालाब

चित्तौड़गढ़ में मौसम ने बदला मिजाज, बारिश से मिली गर्मी से राहत लेकिन सड़कें बनी तालाब

डीएस 7 न्यूज  चित्तौड़गढ़। मौसम विभाग की चेतावनी का असर सोमवार को चित्तौड़गढ़ में साफ नजर आया। सुबह से ही आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल लिया और कुछ ही देर में झमाझम बारिश ने शहर को भिगो डाला। तेज बौछारों से जहां लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिली, वहीं शहर की सड़कों पर जलभराव की समस्या भी देखने को मिली।

पिछले एक महीने से लगातार बढ़ रहे तापमान और प्रचंड गर्मी से आमजन बुरी तरह परेशान था। लोग तरह-तरह के उपाय कर गर्मी से बचने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे में सोमवार की सुबह शुरू हुई बूंदाबांदी और फिर तेज बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। बारिश के साथ हुई मेघ गर्जना ने वातावरण को और भी मनोरम कर दिया।
हालांकि राहत के इस मौसम ने कुछ परेशानियां भी खड़ी कीं। प्रतापनगर और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में नालों की सफाई नहीं होने के चलते पानी की निकासी नहीं हो पाई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मुख्य मंडी क्षेत्र में भी जलभराव से सब्जी विक्रेताओं को परेशानी हुई।

दोपहर बाद मौसम ने फिर करवट ली और धूप ने दोबारा गर्मी का एहसास करा दिया। लेकिन शाम होते-होते फिर से आसमान में काले बादल छा गए और हल्की बूंदाबांदी के साथ ठंडी हवाओं ने शहरवासियों को फिर राहत का अनुभव कराया।

– DS7 News Network

Post a Comment

Previous Post Next Post