प्रतापगढ़ में नारकोटिक्स टीम की बड़ी सफलता, 46 किलो गांजा जब्त 3 तस्कर गिरफ्तार

प्रतापगढ़ के अरनोद क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई: केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने 46 किलो अवैध गांजा किया जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
DS7 News Network 
 डीएस 7 न्यूज प्रतापगढ़ (राजस्थान)मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीएनबी) कोटा की टीम ने प्रतापगढ़ जिले के अरनोद क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने झाकर गांव के पास से करीब 45.990 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त कर तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है।

इस विशेष कार्रवाई की शुरुआत एक खुफिया सूचना के आधार पर हुई, जिसमें बताया गया था कि झाकर गांव, वीरावली फांटा, तहसील अरनोद के पास कुछ लोग भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीएनबी कोटा के अधिकारी अमर सिंह कन्नौजिया के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।

टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी शुरू की और कुछ ही देर में तीन व्यक्तियों को रोका। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से लगभग 46 किलो गांजा बरामद किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोपाल (पिता भगवती), प्रकाश (पिता खुशाल) और निर्मल (पिता उदा) के रूप में हुई है, जो सभी प्रतापगढ़ जिले के निवासी हैं।

बरामद गांजे को मौके पर ही कब्जे में लेकर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट (NDPS) 1985 की धाराओं के तहत तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सीएनबी अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच से यह प्रतीत होता है कि यह मामला एक बड़े मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि नेटवर्क के अन्य सदस्यों और मुख्य सरगनाओं का पता लगाया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post