चित्तौड़गढ़ मंगलवाड़ पुलिस की कार्रवाई मादक तस्करी पर बड़ा प्रहार: डेढ़ करोड़ की जमीन-होटल जब्त,

मादक तस्करी पर बड़ा प्रहार: डेढ़ करोड़ की जमीन-होटल जब्त, ऑपरेशन त्रिनेत्र में मंगलवाड़ पुलिस की कड़ी कार्रवाई
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 04 मई 2026। जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मंगलवाड़ थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68 (एफ)(1) के तहत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी की करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य की अवैध संपत्ति को फ्रीज कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के अनुसार, उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव के निर्देशों पर जिले में तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन और डीवाईएसपी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई।

जांच के दौरान सामने आया कि मंगलवाड़ थाना क्षेत्र के चकतिया निवासी रामेश्वर उर्फ रामेश्वर लाल अहीर के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामले मध्यप्रदेश के नीमच और महाराष्ट्र के पुणे में पहले से दर्ज हैं। इन मामलों की गहन पड़ताल के बाद उसकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति की पहचान की गई।

पुलिस ने आरोपी की नंगावली पटवार क्षेत्र में स्थित करीब 1.2081 हेक्टेयर जमीन और एक होटल को अवैध आय से जुड़ा पाया। इसके बाद संपत्ति फ्रीज करने का प्रस्ताव दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकरण (SAFEM NDPS) को भेजा गया। सुनवाई के बाद भारत सरकार के सक्षम प्राधिकरण ने स्थायी रूप से संपत्ति फ्रीज करने की मंजूरी दे दी।

इस कार्रवाई के बाद संबंधित जमीन और होटल को आधिकारिक रूप से सील कर दिया गया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।

कार्रवाई में थानाधिकारी भगवान लाल के नेतृत्व में एएसआई भैरूलाल, कांस्टेबल राकेश कुमार, टंवर सिंह, गजेंद्र रोशन, गजेंद्र कुमार, प्रेमाराम और चंद्रशेखर की टीम ने अहम भूमिका निभाई।

 पुलिस की अपील:
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने, कंट्रोल रूम या नारकोटिक हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें। आपकी सतर्कता समाज को नशे के जाल से बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post