तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह: सड़क किनारे पलटी रोडवेज बस, 52 घायल | 17 की हालत गंभीर
रिपोर्ट: DS7NEWS NETWORK, रावतभाटा
डीएस 7 न्यूज रावतभाटा। चित्तौड़गढ़-बांसवाड़ा मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। श्रीपुरा गांव के पास एक तेज रफ्तार रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बच्चों और महिलाओं सहित कुल 52 यात्री घायल हो गए, जबकि एक 7 वर्षीय बच्चे सहित 17 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा सुबह 8:30 बजे हुआ, जब कोटा से बांसवाड़ा जा रही बस रावतभाटा से रवाना होकर करीब 20 किमी दूर पहुंची थी। इसी दौरान बस का पट्टा टूट गया, जिससे वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस पलटकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।
चश्मदीदों की आंखों देखी
महिला यात्री हेमा और मंजू शर्मा ने बताया कि यात्रियों ने बस की तेज गति को लेकर कई बार ड्राइवर को टोका, लेकिन उसने बात नहीं मानी। यात्रियों से खचाखच भरी बस के अंदर खड़े होने की भी जगह नहीं थी। जैसे ही बस पलटी, चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। कई लोग लहूलुहान हो गए और कई घायल यात्रियों को साथी यात्रियों ने खिड़कियों से बाहर निकाला।
प्रशासन और स्थानीय लोग पहुंचे मौके पर:
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी कमल प्रसाद मीणा, पुलिस टीम, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। 67 यात्रियों को अलग-अलग संसाधनों की मदद से रावतभाटा उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से 52 को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी है।
गंभीर घायलों की लिस्ट:
बीसीएमओ डॉ. अनिल जाटव के अनुसार 17 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है, जिनमें शामिल हैं:
7 वर्षीय नेवाज, 12 वर्षीय ओमप्रकाश, 70 वर्षीय ताज मोहम्मद, सुखी बाई, मदन, गंगा, सीमा, प्रदीप, रहमा, विनीता, ज्योति, मांशवी, नितिन सहित अन्य।
Tags
Breaking New