उदयपुर-पिण्डवाड़ा नेशनल हाइवे 76 पर दर्दनाक हादसा:
डंपर ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, उपसरपंच के पति की मौके पर मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया जाम
डीएस 7 न्यूज उदयपुर/पिण्डवाड़ा
आज दोपहर करीब 2:05 बजे उदयपुर-पिण्डवाड़ा नेशनल हाइवे 76 पर सूर्या होटल के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ। गोगुंदा की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कॉर्पियो के पास खड़े भैंसड़ा कला के किशनलाल डांगी, जो कि ग्राम पंचायत की उप सरपंच वक्तुबाई डांगी के पति थे, की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के वक्त एक व्यक्ति गाड़ी के अंदर था जबकि किशनलाल गाड़ी के बाहर खड़े थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशनलाल डांगी की मौके पर ही जान चली गई। हादसे में घायल एक अन्य युवक राजू को स्थानीय लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवे पर जाम लगा दिया। उनका कहना है कि इस स्थान पर आए दिन हादसे होते हैं, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा।
पंचायत समिति सदस्य हीरालाल डांगी ने बताया कि इस क्षेत्र में अंडरपास की भारी जरूरत है, लेकिन अब तक इसे लेकर कोई पहल नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि डांगियों का गुड़ा क्षेत्र में जल्द अंडरपास बनाया जाए ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
मौके पर पहुंची सुखेर पुलिस लोगों को समझाइश देने में जुटी है और स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास कर रही है।
📍 घटनास्थल से रिपोर्ट: Arun Singh
📺 DS7NEWS NETWORK – सच सबसे पहले, सबसे तेज़
Tags
Breaking New