चित्तौड़गढ़ : बस्सी-गंगरार में तीन घंटे में 96 मिमी बारिश, ओराई बांध में एक दिन में 7 फीट पानी की आवक

चित्तौड़गढ़ में झमाझम बारिश से बांधों में आई रौनक, तापमान में भी गिरावट
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जिले में इस बार मानसून ने आते ही रफ्तार पकड़ ली है। लगातार चौथे दिन भी बारिश का दौर जारी रहा। शनिवार सुबह बस्सी और गंगरार क्षेत्र में करीब तीन घंटे मूसलाधार बारिश हुई, जिससे 90 से 96 मिमी पानी बरस गया। वहीं भदेसर में 15 घंटे में 4 इंच और चित्तौड़गढ़ शहर में 17 घंटे में पौने तीन इंच बारिश दर्ज हुई।

बारिश के चलते जिले के बड़े बांधों में पानी की आवक तेज हो गई है। बेगूं के ओराई बांध में एक ही दिन में 7 फीट पानी भर गया। बस्सी और मातृकुंडिया बांधों में भी पानी पहुंचने से जल स्तर में बढ़ोतरी हुई है। विजयपुर घाटा क्षेत्र का 16 फीट ऊंचा मोडिया महादेव बांध भी आधा भर चुका है। जल संसाधन विभाग के मुताबिक, अब जिले के एक दर्जन से ज्यादा छोटे-बड़े बांधों में पानी की आवक हो रही है। कई झरने और एनिकट भी छलकने लगे हैं।

शनिवार सुबह 8 से 11 बजे के बीच बस्सी व गंगरार में जोरदार बारिश हुई, वहीं भदेसर में शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार दोपहर तक 4 इंच से ज्यादा पानी गिरा। चित्तौड़गढ़ शहर में शुक्रवार शाम से शनिवार दोपहर तक कुल 71 मिमी बारिश दर्ज की गई।

बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में भी गिरावट आई है। शनिवार को अधिकतम तापमान घटकर 28.6 डिग्री रह गया, जो सामान्य से करीब 10 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

ग्रामीण इलाकों के कई तालाब, एनिकट और खेत लबालब हो गए हैं। वागलिया और पुरानी पुलिया के पास गंभीरी नदी के एनिकट से पानी बहने लगा है। बारिश का यह दौर फिलहाल जारी रहने की संभावना है, जिससे किसानों के चेहरे खिले हुए हैं

📍 DS7NEWS NETWORK
✍️ रिपोर्टर : प्रियांका कुमावत


Post a Comment

Previous Post Next Post