उदयपुर सुखाड़िया विश्वविद्यालय में रिजल्ट विवाद गरमाया: छात्रों का प्रदर्शन, भूख हड़ताल पर बैठे नेता पुलिस बल तैनात

मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में परिणामों की अनियमितता को लेकर छात्रों का फूटा गुस्सा, भूख हड़ताल शुरू
रिपोर्ट: अर्पिता चौहान
डीएस 7 न्यूज उदयपुर। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में बीएससी और प्रथम वर्ष के परिणामों में अनियमितताओं को लेकर सोमवार को छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज विद्यार्थियों ने प्रशासनिक भवन के बाहर कुलपति के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और कुलपति कार्यालय के बाहर गेट पर चढ़कर प्रदर्शन किया।

काफी देर तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर छात्र नेताओं त्रिभुवन सिंह और युवराज सिंह ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिणामों में भारी लापरवाही बरती है, जिसके चलते कई छात्रों को अंक ही नहीं मिले हैं, जबकि कई होनहार छात्रों को फेल कर दिया गया है।

छात्र नेता त्रिभुवन सिंह ने कहा, "यह केवल नंबरों का मामला नहीं है, बल्कि हमारे भविष्य का सवाल है। जब तक प्रशासन हमारी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाता, भूख हड़ताल जारी रहेगी।"

इस मामले में अभी तक विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं, छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही समाधान नहीं निकला तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। माहौल को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post