चित्तौड़गढ़ हाईवे होटल हत्याकांड के मुख्य आरोपी अब भी फरार, फरारी में मदद करने वाले तीन और गिरफ्तार, अब तक 9 आरोपी पुलिस गिरफ्त में

हाईवे पर होटल में युवक की हत्या मामला: मुख्य आरोपी अब तक फरार, फरारी में मदद करने वाले तीन और युवक गिरफ्तार, अब तक 9 आरोपी पुलिस गिरफ्त में
डीएस 7 न्यूज चित्तौड़गढ़ उदयपुर-कोटा फोरलेन हाईवे पर सेमलपुरा के पास होटल में 1 जून की रात अजयराज सिंह की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस को अब तक मुख्य आरोपी हाथ नहीं लगे हैं। हालांकि उनकी फरारी में सहयोग और आश्रय देने वालों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने तीन और युवकों विक्रम सिंह, कमल सिंह और भवानी सिंह उर्फ बंटी को गिरफ्तार कर कोर्ट से 18 जून तक रिमांड पर लिया है।

एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि एएसपी सरिता सिंह और डीएसपी विनय चौधरी के नेतृत्व में कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। इस मामले में अब तक कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सबसे पहले मुख्य वारदात में शामिल हर्षवर्धन सिंह, मनोज चौधरी और बद्रीलाल जाट को जैसलमेर से पकड़ा गया था। बाद में आरोपियों को फरारी में सहयोग देने वाले सुरेंद्रसिंह उर्फ शेरू, सुरेंद्रसिंह पुत्र मांगूसिंह और सखी मोहम्मद उर्फ सलीम खान को भी गिरफ्तार किया गया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post