डीएस सेवन न्यूज टोंक जिले के देवली के राजमहल गांव (वनपाल नाका के पास) में युवक की मौत के बाद बुधवार देर रात से गुरुवार सुबह तक माहौल तनावपूर्ण हो गया। 27 वर्षीय पप्पू की मौत बजरी से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आने से हो गई। हादसे से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को देवली-राजमहल मार्ग पर रखकर धरना शुरू कर दिया।
गुरुवार सुबह जब SDO मनोज कुमार मीणा, देवली डीएसपी रामसिंह, थाना प्रभारी दौलतराम और विधायक राजेंद्र गुर्जर मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को समझाने की कोशिश की, तभी भीड़ उग्र हो गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर हमला कर दिया। महिलाओं ने एक कॉन्स्टेबल को घेर लिया और बाल पकड़कर थप्पड़ बरसाए। बमुश्किल वह पुलिसकर्मी खुद को छुड़ाकर भाग सका। कई पुलिसकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा।
परिवार की मांगें:
मृतक के परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता की मांग कर रहे हैं।
भाई का आरोप:
पप्पू के भाई सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि पप्पू की हत्या पैसों के विवाद में की गई। वह ईश्वर मीणा से दो लाख रुपये मांग रहा था। विवाद के बाद ईश्वर ने धमकी दी और कुछ देर बाद ही पप्पू को बजरी से भरे ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई।
प्रशासन की अपील:
SDO मनोज कुमार मीणा ने बताया कि यह मामला बजरी कारोबार से जुड़े दो लोगों के बीच के पैसों के लेन-देन से जुड़ा है। ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दी जाएगी।
Tags
Breaking News