डीएस सेवन न्यूज भीलवाड़ा एक हैरान करने वाली घटना राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के एक गांव से सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी जिंदा बेटी को मृत मानकर उसकी शोक पत्रिका छपवा दी और मृत्यु भोज का आयोजन किया। यह मामला तब शुरू हुआ जब बेटी ने अपने पति को छोड़कर अपने देवर के साथ प्रेम विवाह कर लिया
लड़की की शादी करीब तीन महीने पहले, अप्रैल 2025 में, गांव के ही एक युवक से हुई थी। परिवार ने इस शादी में लाखों रुपये खर्च किए थे। दूल्हा मध्य प्रदेश में मिठाई बनाने का काम करता है। शादी के बाद लड़की ने अपने ससुराल में रह रहे देवर के साथ प्रेम संबंध बना लिए और दोनों भागकर प्रेम विवाह कर लिया। इस बात से नाराज पिता ने बेटी को मृत मान लिया और सामाजिक रीति-रिवाज के तहत शोक पत्रिका छपवाकर गांव वालों और रिश्तेदारों में बांट दी। साथ ही, 10 अगस्त को मृत्यु भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें आसपास के लोग शामिल हुए
पिता ने बताया कि उनकी बेटी 29 जुलाई को भीलवाड़ा के एक कॉलेज में एमए का पेपर देने गई थी, लेकिन वह घर नहीं लौटी। परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पिता ने 30 जुलाई को स्थानीय थाने में बेटी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में पता चला कि लड़की ने अपने देवर के साथ प्रेम विवाह कर लिया है। 4 अगस्त को लड़की पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची, जहां उसने स्वेच्छा से देवर से शादी करने की बात कबूल की। उसने यह भी कहा कि उसे अपने परिवार से जान का खतरा है।
लड़की के इस कदम से परिवार सदमे में है। ससुराल पक्ष ने आरोप लगाया है कि लड़की अपने साथ सोने-चांदी के गहने और कुछ नकदी लेकर भागी है। इस संबंध में स्थानीय थाने में शिकायत भी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है
यह घटना गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां एक ओर परिवार अपनी बेटी के इस फैसले से दुखी है, तो दूसरी ओर सामाजिक और पारिवारिक मान्यताओं के बीच यह मामला जटिल होता जा रहा है।
Tags
Breaking News