चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र में पश्चिम-मध्य रेलवे से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की आवश्यकता — सांसद जोशी
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़, 20 नवम्बर 2025 चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र में रेलवे विकास, यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से पश्चिम-मध्य रेलवे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन किया गया। इस संबंध में कोटा में आयोजित रेलवे बैठक में सांसद सी.पी. जोशी ने व्यापक मेवाड़ क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख मांगों को विस्तार से रखा।
यह बैठक सिर्फ रेलवे परियोजनाओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र समेत पूरे मेवाड़ अंचल के रोजगार, शिक्षा, व्यापार, धार्मिक पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को प्रभावित करने वाली नीतियों को दिशा देने वाली साबित हो सकती है। सांसद जोशी ने बैठक में नौ अहम विषय रखे, जिनके पूरा होने से क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
1. चित्तौड़गढ़–कोटा रेलमार्ग का दोहरीकरण
सांसद जोशी ने कहा कि इस मार्ग पर यात्रियों और माल परिवहन का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में इस रूट के दोहरीकरण को शीघ्र स्वीकृति दी जानी चाहिए, ताकि ट्रेनों का संचालन सुचारू और तेज गति से हो सके।
2. कोटा–नीमच वाया बेंगू नई रेल लाइन के लिए बजट आवंटन
यह 140 किमी लंबा स्वीकृत मार्ग रावतभाटा परमाणु संयंत्र, पत्थर उद्योग और कृषि व्यापार को नई ऊर्जा देगा। साथ ही चित्तौड़गढ़–रतलाम लाइन पर दबाव कम होगा। फाइनल लोकेशन सर्वे पूर्ण हो चुका है, अब बजट आवंटन जरूरी है।
3. चित्तौड़गढ़ से अयोध्या हेतु शक्ति-भक्ति एक्सप्रेस शुरू करने की मांग
फिलहाल अयोध्या के लिए कनेक्टिविटी कोटा से उपलब्ध है। इसे चित्तौड़गढ़ तक बढ़ाने पर यात्रियों को सीधे अयोध्या दर्शन की सुविधा मिल सकेगी।
4. कोटा–पटना ट्रेन को उदयपुर तक विस्तार
कोटा–पटना एक्सप्रेस (13238) लंबे समय तक कोटा स्टेशन पर खाली खड़ी रहती है। इसे उदयपुर तक बढ़ाया जाए तो मेवाड़ क्षेत्र के यात्रियों को अयोध्या, वाराणसी, कानपुर और पटना तक सीधी पहुँच मिलेगी।
5. कोटा–अहमदाबाद (असरवा) ट्रेन को दैनिक सेवा बनाया जाए
वर्तमान में यह ट्रेन सप्ताह में केवल दो दिन चलती है। बढ़ती मांग को देखते हुए इसे प्रतिदिन चलाने की आवश्यकता जताई गई।
6. कोटा–चित्तौड़गढ़–उदयपुर रूट पर दो मेमू रैक की नियमित सेवा
यह रूट क्षेत्र के हजारों छात्रों, मजदूरों और बेरोजगार युवाओं के लिए किफायती यात्रा का मजबूत साधन बनेगा और दैनिक अप-डाउन की परेशानी कम करेगा।
7. मंदसौर–कोटा स्पेशल ट्रेन का हरिद्वार तक विस्तार
इससे कोटा, श्री महावीरजी, मथुरा, दिल्ली और हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को सीधी यात्रा सुविधा मिल सकेगी।
8. पारसोली रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म का विस्तार
छोटा प्लेटफॉर्म यात्रियों के लिए परेशानी का कारण है। इसे बढ़ाने की मांग रखी गई ताकि चढ़ने-उतरने में दिक्कत न आए।
9. बस्सी रेलवे स्टेशन के पास 20 फीट चैड़े अंडरपास का निर्माण
ग्रामीणों की सुरक्षित आवाजाही के लिए अंडरपास जरूरी बताया गया।
बैठक की अध्यक्षता सांसद सी.पी. जोशी ने की। बैठक में नीमच–मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता, भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल, पश्चिम-मध्य रेलवे जबलपुर महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय, कोटा मंडल रेल प्रबंधक अनिल काबरा सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Tags
Breaking News