निंबाहेड़ा क्रेटा कार से 30 किलो से अधिक अवैध डोडाचूरा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
निम्बाहेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
चित्तौड़गढ़, 15 नवम्बर।
कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने जलिया बॉर्डर चेक पोस्ट पर नाकाबंदी के दौरान एक क्रेटा कार से 30 किलो 290 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद कर दो तस्करों को दबोच लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एएसपी सरीता सिंह, डीएसपी बद्रीलाल राव के मार्गदर्शन एवं थानाधिकारी रामसुमेर (नि.) के निर्देशन में उप निरीक्षक कन्हैया लाल और टीम ने शनिवार को जलिया चेक पोस्ट पर नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान नीमच की ओर से आ रही क्रेटा कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक व उसका साथी बैरिकेट्स तोड़कर भाग निकले। पीछा करने पर कार रेलवे पुलिया पार कर मोती बावजी रोड कब्रिस्तान के पास पंचर हो गई, जहाँ दोनों आरोपी कार छोड़कर भागने की कोशिश करते हुए पकड़े गए।
तलाशी में कार की डिग्गी से 2 प्लास्टिक कट्टों में भरा 30 किलो 290 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—
पृथ्वी कुमार (20 वर्ष) पुत्र हीराराम बिश्नोई, निवासी गोरा की ढाणी डोली, जिला बालोतरा
गुमनाराम (21 वर्ष) पुत्र तेजाराम बिश्नोई, निवासी कागनाडा, जिला जोधपुर
के रूप में हुई। कोतवाली निम्बाहेड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
Tags
Breaking News