उदयपुर में अवैध शराब पर बड़ा प्रहार: सविना थाना व डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई, 909 बीयर केन के साथ अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़
डीएस सेवन न्यूज़ उदयपुर शहर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सविना थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिलिया क्षेत्र में किराए पर लिए गए एक गोदाम में छिपकर चलाई जा रही अवैध बीयर पैकिंग फैक्ट्री का खुलासा किया। इस ऑपरेशन ने न सिर्फ शराब माफिया के नेटवर्क का पर्दाफाश किया, बल्कि शहर में लंबे समय से सक्रिय एक खतरनाक रैकेट को भी बेनकाब कर दिया।
विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने जब गोदाम पर दबिश दी तो वहां बड़ी मात्रा में अवैध बीयर पैक करने का काम चलता मिला। मौके से 909 सीलबंद बीयर केन, भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री, खाली ड्रम, तथा अवैध परिवहन में उपयोग की जा रही एक स्विफ्ट कार को कब्जे में लिया गया। बरामद सामग्री से साफ है कि यहां लंबे समय से बड़े पैमाने पर नकली बीयर की पैकिंग और सप्लाई का काम चल रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया—
जितेंद्र खटीक (23) और रतन सिंह (23)।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी खाली ड्रम बेचने की आड़ में नकली बीयर के केन ड्रमों में भरकर तस्करी करते थे। तैयार की गई बीयर को शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचकर बड़ा मुनाफा कमाया जा रहा था।
पुलिस ने इस पूरे मामले में प्रकरण संख्या 438/2025 दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों को रिमांड पर लेकर नेटवर्क के अन्य साथियों, सप्लाई चैन और अवैध फैक्ट्री के संचालकों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है।
सविना थाना पुलिस और डीएसटी की इस संयुक्त कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उदयपुर पुलिस अवैध शराब तस्करी और नकली शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं देगी। शहर में ऐसे रैकेट पर सख्ती से नकेल कसने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Tags
Breaking News