डोडाचूरा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने दो ट्रकों से 22 किलो माल पकड़ा, 3 गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़, 20 नवम्बर जिले की सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए दो अलग-अलग अभियानों में डोडाचूरा से भरे दो ट्रक जब्त किए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 22 किलो डोडाचूरा बरामद कर हिमाचल और पंजाब के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना क्षेत्र में हाईवे पर लगातार नाकाबंदी के तहत यह ऑपरेशन किया गया।
पहली कार्रवाई के दौरान थाने के सामने वंडर पुलिया के पास हाईवे रोड पर पुलिस टीम नाकाबंदी में तैनात थी। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रुकवाकर जांच की गई। ट्रक के केबिन में रखे कट्टे से 11 किलो 200 ग्राम डोडाचूरा मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। इस मामले में चालक 45 वर्षीय मेहरचंद पुत्र गिताराम राजपूत निवासी डोलर थाना बुरटीवाला जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश को गिरफ्तार किया गया।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने एक और ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली, जिसमें केबिन से 10 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। इस ट्रक से चालक अजय (32) पुत्र महेंद्र मसीह और खलासी अंश (19) पुत्र जतिंदर मसीह, दोनों निवासी दारापुर, थाना पेणीणिया खा, जिला गुरदासपुर, पंजाब को गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह और डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल के सुपरविजन में थानाधिकारी सदर निम्बाहेड़ा संजय शर्मा के निर्देशानुसार उप निरीक्षक सुरेश चंद व पुलिस जाप्ता द्वारा की गई। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं और तस्करों से पूछताछ जारी है।
DS7NEWS NETWORK NIMBAHERA
Tags
Breaking News