2 बाइकों की जबरदस्त भिड़ंत, 1 गंभीर घायल 45 मिनट तक सड़क पर तड़पता रहा घायल, एम्बुलेंस नहीं पहुंची
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़। शंभूपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम सावा–शंभूपुरा मार्ग पर आदित्य सीमेंट फैक्ट्री के पास दो बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिसमें एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद राहगीरों ने तत्काल मदद की और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक सवार शंभूपुरा की ओर जा रहा था, इसी दौरान ट्रक यार्ड के बाहर से सामने से आई तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सवार मौके पर ही सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार फैक्ट्री से एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची।
एम्बुलेंस देरी से पहुंची, लोगों ने जताया रोष
स्थानीय लोगों ने बताया कि घायल करीब 45 मिनट तक सड़क पर पड़ा तड़पता रहा, लेकिन पास ही स्थित आदित्य सीमेंट फैक्ट्री से एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। बताया गया कि फैक्ट्री परिसर में कई बार सूचना दिए जाने के बावजूद मौके तक एम्बुलेंस बाहर नहीं निकली, जिससे लोगों में आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, इससे पूर्व भी कई हादसों में समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होती, जिससे घायल समय पर उपचार से वंचित रह जाते हैं।
मुख्य सड़क पर बने खड्डे बन रहे हादसों की वजह
क्षेत्रवासियों ने बताया कि फैक्ट्री से निकलने वाले भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क पर बड़े-बड़े खड्डे बन गए हैं, जिससे यहां आए-दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि गुरुवार दोपहर भी इसी खराब सड़क के कारण एक और व्यक्ति दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि उसने हेलमेट पहना हुआ था, जिससे बड़ा हादसा टल गया, लेकिन उसका हेलमेट पूरी तरह टूट गया।
लोगों ने प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन से जल्द सड़क मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में होने वाले हादसों पर रोक लगाई जा सके। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति और एम्बुलेंस की देरी संयुक्त रूप से बड़े हादसों को आमंत्रण दे रही है, जिस पर तुरंत कार्रवाई आवश्यक है।
Tags
Breaking News