चित्तौड़गढ़ एसपी मनीष त्रिपाठी ने ली अपराध गोष्ठी, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस उप अधीक्षक एवं थानाधिकारियों की अपराध गोष्ठी ली। अपराध गोष्ठी पुलिस लाइन स्थित अन्वेषण भवन में आयोजित की गई। जिले में कानून व्यवस्था, अपराधियों से सख्ती से निपटने, पेंडिंग प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, अपराध नियंत्रण, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अभियानों पर चर्चा की गई।
इससे पूर्व एसपी ने पुलिस लाइन में जवानों की संपर्क सभा लेकर उनकी समस्याएं जानी और उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। एसपी त्रिपाठी ने अपराध प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गंभीर प्रकृति के अपराधों को शीघ्र पंजीबद्ध कर खुलासा करने, अवैध आग्नेयास्त्रों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने, मेला-त्योहारों पर कानून व्यवस्था की समीक्षा की गई।
कमजोर वर्गों पर अपराध के पेंडिंग प्रकरणों व छः माह से अधिक पेंडिंग मामलों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने वांछित अपराधियों व न्यायालय से घोषित स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी पर विशेष ध्यान देने को कहा। महिला अत्याचार और कमजोर वर्ग के खिलाफ अपराधों में कमी पर अधिकारियों की सराहना की गई, वहीं संपत्ति संबंधी अपराधों व वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने के निर्देश भी दिए।
Tags
Breaking News