सविना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हाईवे लूट की साजिश नाकाम, 3 शातिर अपराधी गिरफ्तार, लोडेड पिस्टल व घातक हथियार बरामद
डीएस सेवन न्यूज़ उदयपुर। सविना थाना पुलिस ने हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों को निशाना बनाने की तैयारी में जुटे एक संगठित गिरोह की खतरनाक साजिश पर समय रहते पानी फेर दिया। पुलिस ने देर रात अंडरपास के पास घात लगाकर बैठे तीन आदतन अपराधियों—नीरज उर्फ सल्लू सेन, पुष्कर बुनकर उर्फ प्रिंस और प्रकाश उर्फ पिंटू उर्फ आतंक—को दबोच लिया। तीनों हाईवे पर वाहनों को रोककर लूट की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
पुलिस ने मौके से एक लोडेड पिस्टल और दो धारदार चाकू बरामद किए। तलाशी में नीरज के कब्जे से पिस्टल मिली, जबकि अन्य दो के पास घातक चाकू थे। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि तीनों आरोपी लंबे समय से संगठित गिरोह बनाकर लूट, चोरी और नकबजनी जैसे अपराधों में सक्रिय रहे हैं।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय द्वारा अवैध हथियार व गैंग्स पर चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा थी। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कौन शामिल था तथा हाल ही में किन वारदातों को अंजाम दिया गया है।
सविना थाना पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से हाईवे पर बड़ी वारदात टल गई और आमजन में राहत की भावना बनी है।
Tags
Breaking News