उदयपुर पुलिस का बड़ा अभियान: तड़के दबिश, 318 अपराधी दबोचे

उदयपुर पुलिस का बड़ा अभियान: तड़के दबिश, 318 अपराधी दबोचे
डीएस सेवन न्यूज़ उदयपुर, पुलिस ने तड़के सुबह वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और एरिया डोमिनेंस बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान जिलेभर में कुल 725 स्थानों पर दबिश दी गई और 318 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई ने शहर और ग्रामीण इलाकों में अपराधियों में खौफ पैदा कर दिया।

आईजी उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव और एसपी योगेश गोयल के निर्देशन में यह बड़ा ऑपरेशन चलाया गया। अभियान में 103 से ज्यादा टीमों का गठन किया गया, जिनमें 425 पुलिसकर्मी शामिल रहे। सभी टीमों ने अलग-अलग क्षेत्र में दबिश देकर अपराधियों को पकड़ने की कार्रवाई को अंजाम दिया।

अभियान के दौरान 13 वांछित आरोपी गिरफ्तार किए गए, जिन पर हत्या, लूट और डकैती जैसे गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा 34 स्थायी वारंटी, 11 सामान्य प्रकरणों में वांछित, तथा 247 व्यक्तियों को निरोधात्मक कार्रवाई के तहत हिरासत में लिया गया। पुलिस ने माइनर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए NDPS, आबकारी तथा आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामलों में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

अभियान के दौरान पुलिस ने 56 हिस्ट्रीशीटरों के घरों पर भी दबिश दी और उनकी गतिविधियों की जांच की।
एसपी योगेश गोयल ने बताया कि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post