डूंगरपुर: बुज़ुर्ग की लाठियों-लातों से हत्या, मां-बेटा गिरफ्तार

डूंगरपुर: बुज़ुर्ग की लाठियों-लातों से हत्या, मां-बेटा गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज़ डूंगरपुर जिले के थाना चौरासी क्षेत्र में बुज़ुर्ग जीवा रोत की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस ने तेज़ी दिखाते हुए मुख्य आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 26 नवंबर की सुबह की है, जब गांव में पुरानी रंजिश के कारण तारा रोत और उसका बेटा लक्ष्मण रोत ने जीवा रोत पर लाठियों, लातों और घूसों से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते जीवा रोत की मौके पर ही मौत हो गई। यह विवाद गांव में पहले से चल रहे लड़का-लड़की संबंधों के तनाव से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसके चलते दोनों पक्षों में माहौल लंबे समय से तनावपूर्ण था।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने वैज्ञानिक तरीके से जांच आगे बढ़ाते हुए घटनास्थल का निरीक्षण, फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्रित किए और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान एक बाल अपचारी की संलिप्तता भी सामने आई, जिसे पकड़कर बाल गृह भेज दिया गया।

आज पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर तारा रोत (48) और उसके बेटे लक्ष्मण रोत (20) को उनके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी वारदात के बाद लगातार छिपते फिर रहे थे, लेकिन सघन खोजबीन के चलते उनके ठिकानों की जानकारी मिल गई।

इस पूरी कार्रवाई में थाना चौरासी पुलिस टीम के रमेश कटारा, रिज़वान खान, राकेश कटारा, गोपालनाथ, ईश्वरलाल, अनिल कुमार, जगदीश कुमार, कालूराम और सुनील कुमार की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही कर रही है और शांति बनाए रखने के लिए गांव में चौकसी बढ़ा दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post