डीएस सेवन न्यूज़ राशमी। थाना क्षेत्र के मुरोली–मरमी मार्ग पर सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हो गई। तेज रफ्तार से दौड़ रही स्कॉर्पियो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार एक वृद्ध व्यक्ति की मौके पर ही गंभीर स्थिति बन गई, जिसने बाद में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं कार चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार भीमगढ़ निवासी रामेश्वर पुत्र हजारीलाल जाट अपने पुत्र नारायण की शादी के लिए निमंत्रण पत्र वितरित करने निकले थे। उनके साथ रिश्ते में बड़े भाई नाथूलाल पुत्र चंपालाल जाट और भतीजा सुरेश पुत्र जीतमल जाट भी मौजूद थे। कार सुरेश चला रहा था और यह दल ऊंचा गांव की ओर जा रहा था। बताया गया कि मुरोली और मरमी के बीच कार अचानक बेकाबू हो गई और निर्माणाधीन सड़क पर बनी करीब दो फीट ऊंची पटरी को पार करती हुई सीधे नीचे खाई में गिर पड़ी।
घटना होते ही निकटवर्ती खेतों में काम कर रहे किसान रतनलाल अहीर और भूरालाल अहीर मौके पर पहुंचे। दोनों ने बिना किसी देरी के कार के पास पहुंचकर खिड़की खोलने की कोशिश की और बड़ी मुश्किल से अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला। इस दौरान पास से गुजर रहे ग्रामीण और राहगीर भी एकत्रित हो गए। हादसे की सूचना तत्काल 108 एम्बुलेंस को दी गई, जो कुछ ही देर में मौके पर पहुंची और घायलों को राशमी चिकित्सालय ले जाया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान 65 वर्षीय नाथूलाल की गंभीर चोटों के कारण मृत्यु हो गई। वहीं घायल रामेश्वर और सुरेश को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही सहायक उप निरीक्षक रमेश चंद्र वैष्णव भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।
Tags
Breaking News