चित्तौड़गढ़ डूंगला पुलिस की बड़ी सफलता: नाबालिग का अपहरण करने वाला आरोपी गिरफ्तार

डीएस सेवन न्यूज़ डूंगला थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के अपहरण मामले ने पूरे इलाके को चिंता में डाल दिया था, लेकिन पुलिस की तेज कार्रवाई ने मामले को नई दिशा दे दी। पदमपुरा निवासी आरोपी किशनलाल अहीर उर्फ पुष्कर अहीर को पुलिस ने रविवार देर शाम दबोच लिया। यह कार्रवाई तभी संभव हो पाई जब थानाधिकारी अमृतलाल के नेतृत्व में बनी विशेष टीम ने अलग-अलग स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।

परिवादी द्वारा दी गई रिपोर्ट के मुताबिक बालिका खेत से पास ही स्थित बावजी के देवरे दर्शन करने गई थी। इसी दौरान आरोपी ने मौका भांपकर उसे अपने साथ ले जाकर अपहरण कर लिया। घटना को जिला स्तर पर भी गंभीरता से लिया गया। एसपी मनीष त्रिपाठी, एएसपी सरिता सिंह और वृताधिकारी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप ने मामले की मॉनिटरिंग करते हुए टीम को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्ची को हर हाल में सुरक्षित ढूंढना है।

पुलिस ने आरोपी की हर गतिविधि पर नजर रखते हुए उसके संभावित ठिकानों की घेराबंदी की और आखिरकार बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। न्यायालय में उसके बयान करवाए गए, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कार भी जप्त की गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि इस घटना से जुड़े हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके और भविष्य में ऐसे अपराधों पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post