डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पारसोली थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 पर काटून्दा सरहद क्षेत्र में की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एएसपी रावतभाटा भगवत सिंह और डीएसपी बेगूं अंजलि सिंह के सुपरविजन में यह ऑपरेशन अंजाम दिया गया। थानाधिकारी शिवराज राव के नेतृत्व में पुलिस टीम नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कोटा की ओर से आ रही मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार को रुकने का इशारा किया गया। चालक ने वाहन को साइड से निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया।
वाहन में बैठे व्यक्ति से पूछताछ के दौरान वह घबराया हुआ नजर आया। संदेह होने पर कार की तलाशी ली गई। डिक्की में रखे दो काले प्लास्टिक कट्टों से कुल 45.210 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय शाकिर हुसैन उर्फ सोनू पुत्र अब्दुल जब्बार, निवासी बघेरा रोड, आजाद नगर, केकड़ी, जिला अजमेर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पारसोली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
Tags
Breaking News