उदयपुर प्रतापनगर थाना की बड़ी कार्रवाई 436 किलो डोडा चूरा, स्कॉर्पियो व देशी पिस्टल जब्त

प्रतापनगर थाना की बड़ी कार्रवाई, 436 किलो डोडा चूरा व हथियार बरामद
डीएस सेवन न्यूज़ उदयपुर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना प्रतापनगर ने एक अहम सफलता दर्ज की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 436.350 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त किया है। इसके साथ ही मादक पदार्थों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी, एक अवैध देशी पिस्टल और छह जिंदा कारतूस भी कब्जे में लिए गए हैं।

यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक श्री योगेश गोयल के निर्देशन में की गई। अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री उमेश ओझा एवं वृताधिकारी नगर पूर्व श्री सूर्यवीर सिंह की निगरानी में किया गया। थानाधिकारी श्री राजेन्द्र सिंह चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एनएच-76 पर देबारी से अम्बेरी मार्ग स्थित काठियावाड़ी ढाबा के सामने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस को मौके पर एक पलटी हुई स्कॉर्पियो गाड़ी मिली, जिसमें प्लास्टिक के कट्टों में भरा डोडा चूरा रखा हुआ था। जांच के दौरान वाहन से पांच अलग-अलग नंबर प्लेट भी बरामद की गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना के बाद अंधेरे का लाभ उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस मामले में प्रकरण संख्या 32/2026 दर्ज कर धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट, 345(3) बीएनएस 2023 एवं 03/25 आर्म्स एक्ट के तहत अनुसंधान जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post