डीएस सेवन न्यूज़ उदयपुर पुलिस थाना टीडी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर पाटिया स्थित कृष्णा होटल एवं रेस्टोरेंट, जिसे तरलोके दा ढाबा के नाम से जाना जाता है, उसके संचालक को अफीम और डोडाचूरा के साथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि ढाबा संचालक देवीलाल सेन अपने किराये के कमरे में अवैध मादक पदार्थ छिपाकर रखे हुए है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वहां से करीब 2 किलोग्राम अफीम और लगभग 20.300 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। इसके साथ ही मौके से ₹6 लाख 80 हजार नकद, तीन इलेक्ट्रॉनिक कांटे, डोडाचूरा पीसने की लोहे की चक्की, प्लास्टिक के कट्टे और अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवीलाल पिता बगदीराम सेन, निवासी डूंगला, जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई है, जो वर्तमान में पाटिया में ढाबा संचालित कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 8/18 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उदयपुर के निर्देशन में थाना टीडी पुलिस और जिला स्पेशल टीम की संयुक्त टीम द्वारा अंजाम दी गई।
Tags
Breaking News