उदयपुर अवैध बजरी खनन पर बड़ी कार्रवाई: सेमारी थाना सर्कल में ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, 1 गिरफ्तार

अवैध बजरी खनन पर सख्त कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज़ उदयपुर जिले में अवैध बजरी खनन के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव, आईपीएस के निर्देशन में सेमारी थाना सर्कल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। 8 जनवरी 2026 को गठित विशेष पुलिस टीम ने गोमती नदी के गुडियावाड़ा क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रूप से बजरी का खनन करते हुए एक लाल रंग का ट्रैक्टर मय ट्रॉली जब्त किया।

मौके से ट्रैक्टर चालक कानूराम मीणा, निवासी गुडियावाड़ा फला चन्दोडा, को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान आरोपी किसी भी प्रकार का वैध लाइसेंस, परमिट अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा करवाया।

इस संबंध में सेमारी थाना में प्रकरण संख्या 07/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 303(2), खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 4/21 तथा एमएमसीआर 2017 के नियम 54 व 60 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।

इस पूरी कार्रवाई में सेमारी थाना प्रभारी गोपालकृष्ण परमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post