डीएम सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़ शहर में राजीव गांधी पार्क क्षेत्र में हफ्ता वसूली से जुड़े मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। बताया गया कि आरोपियों द्वारा एक हाथ ठेले पर तोड़फोड़ की गई थी, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए थे।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष कार्रवाई शुरू की गई। जांच के दौरान पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों के बाद पुलिस ने अन्य चार संदिग्धों को भी पकड़ लिया। सभी आठों आरोपियों को शहर में पुनः राजीव गांधी पार्क क्षेत्र में जुलूस के रूप में घुमाया गया, जिसे देखने के लिए स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से घटनास्थल की तस्दीक भी करवाई है
यह मामला राजीव गांधी पार्क क्षेत्र में हाथ ठेला लगाने वाले एक गरीब व्यवसायी से जुड़ा हुआ है, जो रोज की कमाई से अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। पीड़ित हाथ ठेला संचालक शंकरलाल डांगी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जिसमें उसने बताया कि कुछ युवक लगातार उससे हफ्ता वसूली की मांग कर रहे थे। आरोपी प्रतिदिन 200-200 रुपये देने का दबाव बना रहे थे और इनकार करने पर जान से मारने की धमकी देते थे।
पीड़ित के अनुसार, मोहन, धनराज, उदयराम गुर्जर, नेनू, राहुल जायसवाल सहित 7-8 अन्य युवक काफी समय से उसे परेशान कर रहे थे। कई बार डर के चलते वह पैसे देने को मजबूर भी हुआ, लेकिन जब मांग बढ़ती चली गई तो उसने पुलिस की शरण ली।
मंगलवार रात ठेले पर किया हमला
मंगलवार रात को आरोपियों ने चेतक पानी-पुरी के हाथ ठेले पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने ठेले में जमकर तोड़फोड़ की और सड़क पर रखा सामान इधर-उधर फेंक दिया। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोग भी सहम गए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान की।
लगातार दबिश, एक के बाद एक गिरफ्तारी
पुलिस जांच के दौरान सबसे पहले उदयलाल गुर्जर को हिरासत में लिया गया। इसके बाद लगातार दबिश देकर घनश्याम गिरी, ईश्वर और दिनेश भील को भी गिरफ्तार किया गया। पहले से गिरफ्तार चार आरोपियों के साथ अब कुल आठ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस का कहना है कि शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
राजीव गांधी पार्क तक निकाला गया पैदल जुलूस
अपराधियों में कानून का डर और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के उद्देश्य से पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का पैदल जुलूस निकाला। आरोपियों को सेंती पुलिस चौकी से राजीव गांधी पार्क तक ले जाया गया, उसी स्थान तक जहां हाथ ठेले में तोड़फोड़ की गई थी। जुलूस के दौरान भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा।
जुलूस के समय बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। कई लोगों ने इस कार्रवाई के फोटो और वीडियो भी बनाए। जुलूस के दौरान आरोपी हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगते नजर आए और अपनी गलती स्वीकार करते दिखाई दिए।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि शहर में हफ्ता वसूली, धमकी और मारपीट जैसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आमजन को यह संदेश देना है कि कानून उनके साथ खड़ा है। पुलिस ने आरोपियों से मौके की तस्दीक करवाई है और मामले की गहन जांच जारी है। साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं
DS7NEWS NETWORK CHITTORGARH
संवाददाता प्रियंका कुमावत
Tags
Breaking News