शिक्षा की मर्यादा पर सवाल, प्रशासन की सख्त कार्रवाई
डीएस सेवन न्यूज सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर सिटी ब्लॉक अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय तालाब की ढाणी, हिंगोटिया से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने त्वरित कदम उठाए हैं। विद्यालय परिसर में शराब सेवन एवं नॉनवेज से संबंधित गतिविधियों को लेकर स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया। इसके बाद जिला कलक्टर के निर्देश पर शिक्षा विभाग द्वारा प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई गई।
प्रकरण की प्रारंभिक जांच में विद्यालय की गरिमा के विपरीत आचरण और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही सामने आने पर संबंधित प्रधानाध्यापक एवं अध्यापक लेवल प्रथम अमरसिंह मीना के विरुद्ध विभागीय जांच प्रस्तावित की गई। साथ ही, राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम-13 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा, सवाई माधोपुर निर्धारित किया गया है।
शिक्षा विभाग का स्पष्ट कहना है कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि अनुशासन, नैतिकता और संस्कारों का आधार होते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार का अनुचित आचरण न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि समाज में शिक्षा की छवि को भी नुकसान पहुंचाता है। जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय), प्रारम्भिक शिक्षा, सवाई माधोपुर ने दो टूक कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण की पवित्रता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि किसी भी विद्यालय में इस तरह की अनियमितता या अनुशासनहीनता सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बनाए रखने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
Tags
Breaking News