चिकित्सा शिविर आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस सप्ताह पर विशेष
उदयपुर, 13 जनवरी 2026
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर राष्ट्रीय युवा दिवस सप्ताह के अवसर पर उपभोक्ता सुरक्षा संगठन के तत्वावधान में गुरु नानक गर्ल्स पी.जी. कॉलेज परिसर में एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य युवाओं और छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराना रहा। शिविर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने स्वास्थ्य की जाँच करवाई।
आयोजित चिकित्सा शिविर में लगभग 800 से अधिक छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में एलोपैथिक, होम्योपैथिक, एक्यूप्रेशर तथा नेत्र रोग से संबंधित निःशुल्क जाँच और परामर्श की सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगियों को उचित परामर्श देने के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियाँ भी साझा की गईं।
इस अवसर पर उपभोक्ता सुरक्षा संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजश्री गांधी ने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस सप्ताह के प्रथम दिन चिकित्सा शिविर का आयोजन युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव जागरूक युवाओं से ही रखी जा सकती है। डॉ. गांधी ने यह भी जानकारी दी कि आने वाले दिनों में डिजिटल और ऑनलाइन फ्रॉड से संबंधित एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को सुरक्षित और सजग बनाया जा सके।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनिल कोठारी ने कहा कि चिकित्सा, स्वास्थ्य और शिक्षा समाज की मूलभूत आवश्यकताएँ हैं। इन क्षेत्रों में संगठनात्मक प्रयास समाज के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राष्ट्रीय समन्वयक शिरीष नाथ माथुर ने बताया कि वर्ष 2026 का यह संगठन का प्रथम चिकित्सा शिविर है, जो उदयपुर जिले के सदस्यों के सामूहिक और अथक प्रयास का परिणाम है।
शिविर में नेत्र जाँच अलख नयन आई चेक टीम द्वारा की गई। साथ ही फिजिशियन डॉ. परदुन जैन, ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. कीर्ति शिवहरे, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. हितांशु पुजारी, होम्योपैथिक विशेषज्ञ डॉ. विनय जैन एवं एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ डॉ. अल्पना बोहरा ने निःशुल्क सेवाएँ प्रदान कीं।
जिला अध्यक्ष प्रवीण नाहर ने सभी चिकित्सकों, अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उपभोक्ता सुरक्षा संगठन भविष्य में भी समाजहित में ऐसे सेवा कार्य निरंतर करता रहेगा। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत झा, प्रदेश उपाध्यक्ष पारस खुर्दिया, चिकित्सा समन्वयक अशोक काडेजा, गुरु नानक संस्थान के सचिव सरदार अमरपाल सिंह पाहवा, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. पुष्पा शर्मा, राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. अनीता पालीवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
DS7NEWS NETWORK UDAIPUR
Tags
Breaking News