पिंजारो का मोहल्ला आंगनवाड़ी में महिलाओं को एफएसटीपी की जानकारी दी गई
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर कानोड़, 17 जनवरी 2026। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत वार्ड संख्या 15 स्थित पिंजारो का मोहल्ला आंगनवाड़ी केंद्र में महिलाओं को परियोजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम में सहायक सामाजिक विकास एवं जेंडर सपोर्ट मनोज कुमार जाट ने महिलाओं को एफएसटीपी के उद्देश्य और इसके लाभों के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने बताया कि घरों में बने सेप्टिक टैंकों से निकलने वाले मलजल को सुरक्षित रूप से टैंकरों के माध्यम से पीपलवास रोड पर निर्माणाधीन एफएसटीपी प्लांट तक ले जाया जाएगा। वहां वैज्ञानिक तरीके से इस मलजल का उपचार कर खाद तैयार की जाएगी, जिसका उपयोग खेती में किया जाएगा। इससे गंदगी की समस्या से राहत मिलेगी और वातावरण स्वच्छ बना रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें बताया गया कि नियमित साफ-सफाई रखने से मच्छर और मक्खियों की उत्पत्ति कम होगी, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। साथ ही सभी से अपने घर का गीला और सूखा कचरा अलग-अलग कर नगर पालिका की गाड़ी में डालने की अपील की गई।
इसके अलावा महिलाओं को यह जानकारी भी दी गई कि सेप्टिक टैंक खाली करवाने के लिए
18008439192 टोल फ्री नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम में मंजू तंबोली, पुष्पा प्रजापत और भगवती देवी का सहयोग रहा।
Tags
Breaking News