33 कार्टून अंग्रेजी शराब जब्त, कम्पास कार सहित तस्कर गिरफ्तार

खेरवाड़ा में अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर खेरवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब के 33 कार्टून जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में शराब परिवहन में प्रयुक्त एक कम्पास जीप भी जब्त की गई है, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देशानुसार 18 जनवरी 2026 को थाना क्षेत्र में नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान एक कम्पास जीप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और पुलिस बोलेरो को टक्कर मार दी। पीछा करने के दौरान जीप का टायर फट गया, जिससे वाहन रुक गया। मौके का फायदा उठाकर चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर बिना किसी वैध लाइसेंस के अंग्रेजी शराब का परिवहन किया जाना सामने आया। पुलिस ने आरोपी दीपक पिता मानजी, निवासी जगार, झल्लारा (सलूंबर) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई गई है, जबकि वाहन की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल जब्ती 24 लाख रुपये की हुई है। मामले में आरोपी से पूछताछ जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post