चित्तौड़गढ़ ऑपरेशन ‘कायाकल्प’: चित्तौड़गढ़ पुलिस की ऐतिहासिक वाहन नीलामी, 281 वाहनों से 96 लाख से अधिक की आय

ऑपरेशन ‘कायाकल्प’ : चित्तौड़गढ़ पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी वाहन नीलामी

281 जब्त व लावारिस वाहन नीलाम, 96 लाख रुपये से अधिक का राजस्व।*
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 20 जनवरी जिला पुलिस चित्तौड़गढ़ द्वारा ऑपरेशन ‘कायाकल्प’ के अंतर्गत जब्त एवं लावारिस वाहनों की अब तक की सबसे बड़ी सार्वजनिक खुली नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। नीलामी में 281 वाहन शामिल किए गए, जिनसे सरकारी राजकोष को 96 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।

     इस नीलामी में मादक पदार्थों की तस्करी में जब्त 56 वाहन तथा पुलिस अधिनियम के अंतर्गत जब्त 225 वाहन सम्मिलित थे। संपूर्ण प्रक्रिया सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से पूर्ण पारदर्शिता, खुली प्रतिस्पर्धात्मक बोली एवं नियमानुसार आयोजित की गई।

     जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि वर्षों से पुलिस थानों एवं चौकियों में खड़े लावारिस, अनुपयोगी एवं निस्तारण योग्य दोपहिया, तिपहिया एवं चारपहिया वाहनों का विधिसम्मत निस्तारण इस नीलामी के माध्यम से किया गया। नीलामी से पूर्व वाहनों की सूची सार्वजनिक कर बोलीदाताओं को भौतिक निरीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

     सोमवार को निम्बाहेड़ा स्थित वंडर सीमेंट टाउन हॉल में आयोजित नीलामी में बड़ी संख्या में आमजन एवं कबाड़ व्यवसायियों ने भाग लिया। खुली बोली प्रक्रिया के तहत प्रत्येक वाहन उच्चतम बोलीदाता को नीलाम किया गया। संपूर्ण कार्रवाई संबंधित अधिकारियों की निगरानी में संपन्न हुई।

     अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्रीमती सरिता सिंह ने बताया कि ऑपरेशन ‘कायाकल्प’ के तहत आयोजित इस नीलामी से 96 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि *वर्ष 2025 में चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के मामलों में जब्त 216 वाहनों की नीलामी से 3 करोड़ रुपये से अधिक की रिकॉर्ड आय अर्जित की गई थी, जो राजस्थान में सर्वाधिक है।*

इस नीलामी से पुलिस परिसरों में वर्षों से खड़े वाहनों का स्थायी समाधान हुआ है, जिससे स्थान की समस्या दूर होने के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित हुई है। साथ ही खुले में खड़े वाहनों से उत्पन्न पर्यावरणीय एवं सुरक्षा संबंधी समस्याओं से भी राहत मिली है।

     जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऑपरेशन ‘कायाकल्प’ के अंतर्गत इस प्रकार की नीलामी कार्रवाइयाँ नियमित रूप से, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ जारी रहेंगी।

     नीलामी के दौरान एडीएम (भू-अवाप्ति) श्री रामचन्द्र खटीक, एएसपी चित्तौड़गढ़ श्रीमती सरिता सिंह, उपकोष कार्यालय निम्बाहेड़ा से श्री कैलाश भराडिया, परिवहन विभाग निरीक्षक श्री किशनलाल, पुलिस निरीक्षक श्री जोधाराम गुर्जर, वरिष्ठ लेखाकार श्री शैलेश बोरीवाल, एएसआई श्री मनोज आमैठा सहित संबंधित अधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post