निंबाहेड़ा मनोकामना पूरी, भक्त ने भगवान को किया चांदी का ट्रैक्टर भेट 340 ग्राम का

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ मंडपिया जिले के प्रसिद्ध आस्था धाम भगवान सांवलिया सेठ मंदिर में श्रद्धा का एक अनोखा रूप देखने को मिला। यहां भक्त सोना-चांदी, आभूषण और नकद चढ़ावे के साथ अपनी भावनाएं अर्पित करते हैं, लेकिन शुक्रवार को एक श्रद्धालु ने भक्ति को अलग ही अंदाज में प्रस्तुत किया। निंबाहेड़ा से आए भक्त ने भगवान को चांदी से बना एक आकर्षक ट्रैक्टर भेंट किया, जो मंदिर परिसर में चर्चा का विषय बन गया।

शुक्रवार दोपहर बाद जैसे ही श्रद्धालु चांदी का ट्रैक्टर लेकर मंदिर पहुंचा, परिसर जयकारों से गूंज उठा। वहां मौजूद दर्शनार्थियों की नजरें इस विशेष भेंट पर टिक गईं। ट्रैक्टर को पहले सुरक्षित रूप से चांदी के बॉक्स में पैक कर लाया गया था। बताया गया कि यह ट्रैक्टर करीब 340 ग्राम चांदी से तैयार कराया गया है। मंदिर में ओसरा पुजारी चुन्नीदास वैष्णव और मुकेश वैष्णव को यह भेंट सौंपी गई। बाद में श्रद्धालु और उनके साथ आए लोगों को चरणामृत व प्रसाद दिया गया।

भेंट करने वाले श्रद्धालु गोपाल आंजना ने बताया कि वे सांवलिया सेठ के गहरे भक्त हैं और निंबाहेड़ा में उनका ट्रैक्टर शोरूम है। उन्होंने मन में संकल्प लिया था कि यदि उनके यहां ट्रैक्टर की बिक्री अच्छी रहेगी तो वे भगवान को चांदी का ट्रैक्टर अर्पित करेंगे। समय के साथ उनकी बिक्री बेहतर हुई, जिसे वे भगवान की कृपा मानते हैं। इसी कृतज्ञता भाव से उन्होंने यह विशेष भेंट चढ़ाई।

यह ट्रैक्टर निंबाहेड़ा के ही एक सर्राफा व्यवसायी से तैयार कराया गया। भक्ति, विश्वास और धन्यवाद की भावना से जुड़ी यह भेंट मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनी रही।

DS7NEWS NETWORK CHITTORGARH 

Post a Comment

Previous Post Next Post