युवक की हत्या मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, बंधक बनाकर की गई थी बेरहमी से मारपीट
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 21 जनवरी। भीलवाड़ा जिले के युवक शंकरसिंह की हत्या के मामले में गंगरार थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने बैट्री व टायर चोरी के झूठे आरोप लगाकर युवक को बंधक बनाया और गंभीर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस प्रकरण में घटना में प्रयुक्त हथियार और वाहन भी जब्त किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 14 जनवरी को पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि महात्मा गांधी अस्पताल चौकी, जिला भीलवाड़ा में 22 वर्षीय शंकरसिंह पुत्र भगवान सिंह रावना राजपूत, निवासी मंगरोप, को गंभीर हालत में लाया गया है। जानकारी में सामने आया कि रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने स्थित महादेव होटल के संचालक सहित अन्य व्यक्तियों ने युवक को रात के समय बंधक बना लिया था। उस पर चोरी के आरोप लगाकर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजनों द्वारा राज्य सरकार से आर्थिक सहायता की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। पुलिस व प्रशासन की ओर से परिजनों को समझाइश कर शांत किया गया तथा पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करवाई गई। इसके पश्चात प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया
अपर पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन और डीएसपी गंगरार शिवन्यासिंह के पर्यवेक्षण में गंगरार थाना प्रभारी श्यामाराम पुनि के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को डिटेन कर पूछताछ की गई। अनुसंधान के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें कन्हैयालाल अहीर, श्यामलाल सालवी, सत्य नारायण गुर्जर और कानाराम जाट शामिल हैं।
पुलिस ने घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए और आरोपियों के मोबाइल फोन से घटना से जुड़े वीडियो भी बरामद कर उनका विश्लेषण किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार और वाहन जब्त किए गए। अनुसंधान पूर्ण होने के बाद गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Breaking News