डीएस सेवन न्यूज मध्यप्रदेश के सतना शहर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने आम लोगों से लेकर प्रशासन तक को चौंका दिया। स्टेशन रोड पर स्थित एक निजी डायग्नोस्टिक सेंटर की सोनोग्राफी रिपोर्ट उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब उसमें भाजपा के नगर पंचायत अध्यक्ष निरंजन प्रजापति के पेट में बच्चे की मौजूदगी दर्शाई गई। बताया गया कि पेट में दर्द की शिकायत के चलते वे जांच कराने सेंटर पहुंचे थे। सोनोग्राफी के बाद उन्हें बताया गया कि उनके पेट में उल्टा गर्भाशय है, जिसे सुनकर वे स्तब्ध रह गए।
इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। शिकायत दर्ज होने के बावजूद फिलहाल जिम्मेदारों की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। जब मीडिया ने इस संबंध में डायग्नोस्टिक सेंटर से जुड़े डॉक्टर अरविन्द सराफ से जानकारी लेनी चाही, तो उन्होंने भी इस पर कुछ भी कहने से परहेज किया।
जानकारी के अनुसार उक्त सेंटर पहले भी लापरवाही और अनियमितताओं को लेकर सवालों के घेरे में रह चुका है और पूर्व में इसे बंद भी कराया गया था। वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला ने कहा है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और दोष पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Breaking News