शंभूपुरा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, क्रेटा कार से 1 क्विंटल 81 किलो डोडा चूरा जब्त
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़, 09 जनवरी जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से शंभूपुरा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक क्रेटा कार से भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद करते हुए मध्यप्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एस्कोर्टिंग और परिवहन में प्रयुक्त दो कारों को भी जब्त किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों की पालना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन तथा डीएसपी भदेसर विनोद कुमार के सुपरविजन में शंभूपुरा थाना पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी धर्मराज मीना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अरणोदा-गिलूण्ड रोड पर भाटियों का खेड़ा क्षेत्र में नाकाबंदी की। इस दौरान एक स्विफ्ट कार को संदिग्ध रूप से एस्कोर्टिंग करते हुए तथा उसके पीछे चल रही एक क्रेटा कार को रोका गया। तलाशी लेने पर क्रेटा कार से कुल 1 क्विंटल 81 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से डोडा चूरा के साथ-साथ एस्कोर्टिंग में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और मादक पदार्थों के परिवहन में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार को जब्त कर लिया। इस मामले में मध्यप्रदेश के नीमच जिले के सेमली मेवाड़ निवासी 22 वर्षीय राजपाल सिंह उर्फ अजय सिंह तथा 50 वर्षीय गोवर्धन सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शंभूपुरा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है और पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
DS7NEWS NETWORK CHITTORGARH
Tags
Breaking News