छोटीसादड़ी–निंबाहेड़ा मार्ग पर भीषण हादसा 3 युवकों की मौत, 2 गंभीर घायल

छोटीसादड़ी | सड़क हादसे में तीन की मौत, दो युवक गंभीर घायल

डीएस सेवन न्यूज छोटीसादड़ी–निंबाहेड़ा मार्ग पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। तीन मुंडा चौराहे के समीप आमने-सामने से आ रही दो मोटरसाइकिलों की भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

प्राप्त जानकारी के अनुसार छोटीसादड़ी क्षेत्र के सेमरथली गांव के कुछ युवक होटल से भोजन कर रात के समय घर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन मुंडा चौराहे के पास तेज गति से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार युवक सड़क पर दूर-दूर जा गिरे।

दुर्घटना में घायलों और मृतकों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। तीन घायलों को जिला चिकित्सालय निंबाहेड़ा और दो को उप जिला चिकित्सालय छोटीसादड़ी ले जाया गया। सूचना मिलते ही पूर्व यूडीएच मंत्री एवं निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी जिला चिकित्सालय निंबाहेड़ा पहुंचे। उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी ली और पीएमओ डॉ. राघव सिंह तथा नर्सिंग अधीक्षक जितेंद्र सिंघवी को बेहतर और त्वरित उपचार के निर्देश दिए। इस दौरान पूर्व विधायक अशोक नवलखा, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, उपखंड अधिकारी विकास पंचोली, तहसीलदार घनश्याम जरवार सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।.

पुलिस के अनुसार हादसे में गंगाराम और छोटू की मृत्यु हो गई, जिनके शव जिला चिकित्सालय निंबाहेड़ा की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। वहीं घायल राहुल मीणा का निंबाहेड़ा अस्पताल में उपचार जारी है। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार हर्षित गोयल पुत्र शैलेश गोयल की भी इस हादसे में जान चली गई, जिनका शव उप जिला चिकित्सालय छोटीसादड़ी की मोर्चरी में रखा गया है। इसके अलावा पंकज प्रजापत पुत्र नंदलाल प्रजापत गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार छोटीसादड़ी अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना पर कोतवाली थानाधिकारी रामसुमेर मीणा पुलिस जाप्ते के साथ जिला चिकित्सालय निंबाहेड़ा पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस फिलहाल दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post