चित्तौड़गढ़ एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में वांछित 5 साल से फरार पांच हजार का इनामी अभियुक्त गिरफ्तार

एनडीपीएस प्रकरण में पांच साल से फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 15 जनवरी। जिले की राशमी थाना पुलिस को एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पांच वर्षों से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को गुजरात के बड़ौदा से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और लगातार ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि वर्ष 2021 में राशमी थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों से जुड़े एक गंभीर मामले का खुलासा हुआ था। इस प्रकरण में करीब 3 क्विंटल 76 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया गया था, जिसमें मुख्य आरोपी रोशन लाल फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे और उस पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
आरोपी की तलाश के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन तथा डीवाईएसपी गंगरार शिवन्या सिंह के सुपरविजन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सूचना तंत्र, मुखबिरों, तकनीकी संसाधनों और मनोवैज्ञानिक तरीकों का उपयोग करते हुए जांच को आगे बढ़ाया। जिला साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई।
पुलिस ने मुख्य आरोपी रोशन लाल पिता शंकर लाल, जाति जाट, निवासी रेवाड़ा, थाना राशमी को गुजरात के बड़ौदा से डिटेन कर राशमी थाना लाया। इसके बाद उसे एनडीपीएस प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post