उदयपुर महिला का पीछा व फर्जी आधार कार्ड बनाने का मामलादो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर 1 अभियुक्त

महिला का पीछा और फर्जी आधार कार्ड बनाने का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार

डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। महिला का पीछा करने, पहचान छुपाकर दोस्ती के नाम पर परेशान करने और सरकारी दस्तावेज में कूट रचना करने के एक गंभीर मामले में उदयपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में फर्जी आधार कार्ड तैयार करने वाले एक आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के अनुसार, मुख्य आरोपी ने अपनी वास्तविक पहचान छुपाकर फर्जी नाम से आधार कार्ड बनवाया और उसी के आधार पर महिला से संपर्क कर विश्वास में लिया। जब महिला को उसकी असल पहचान का पता चला तो उसने उससे बातचीत बंद कर दी। इसके बाद भी आरोपी ने पीछा करना नहीं छोड़ा और महिला को मानसिक रूप से परेशान करता रहा। इतना ही नहीं, उसने महिला के परिजनों को भी धमकाने की कोशिश की।

पीड़िता की शिकायत पर थाना सविना में मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि दूसरे आरोपी ने वर्ष 2022 में अपने मोबाइल फोन की मदद से फोटो एडिटिंग कर शिवम मीणा नाम से फर्जी आधार कार्ड तैयार किया था और उसे सह-आरोपी को उपलब्ध कराया। इसी फर्जी दस्तावेज का उपयोग कर महिला को गुमराह किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

 मामले में BNS, IPC, SC/ST एक्ट और आधार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। फर्जी आधार कार्ड तैयार करने वाले आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया और अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post