जावदा थाना पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 32 पेटी जब्त
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जावदा थाना पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए बुधवार को एक मकान से 32 पेटी देशी व अंग्रेजी शराब जब्त की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देशों के तहत की गई, जिसमें जिले में अवैध गतिविधियों पर सख्ती बरतने के आदेश दिए गए थे।
एएसपी रावतभाटा भगवत सिंह हींगड़ एवं डीवाईएसपी रावतभाटा शंकर लाल के निर्देशन में थानाधिकारी जावदा देवेंद्र कुमार तथा एएसआई शोभाराम मय जाप्ता ने मुखबिर से मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई की। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बालागंज क्षेत्र में स्थित एक मकान पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान मकान से विभिन्न ब्रांड की 32 पेटी देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मकान मालिक गोविंद पिता शंभूलाल जाति भील मौके से फरार हो गया। आरोपी की अनुपस्थिति में पुलिस द्वारा ई-साक्ष्य के माध्यम से वीडियोग्राफी कर जब्ती की कार्रवाई की गई।
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा फरार आरोपी की तलाश की जा रही है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।
Tags
Breaking News