गंगरार में अवैध गैस रिफिलिंग का खुलासा, 42 सिलेंडर और उपकरण जब्त
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़, 9 जनवरी। जिले में आमजन की सुरक्षा को खतरे में डालने वाली अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस एवं रसद विभाग ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। गंगरार क्षेत्र में की गई संयुक्त कार्यवाही के दौरान किराणा स्टोर की आड़ में चल रहे अवैध एलपीजी गैस रिफिलिंग के कारोबार का भंडाफोड़ किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर और रिफिलिंग में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए गए।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि स्टेशन गंगरार हाईवे रोड पर स्थित अंबिका किराणा जनरल स्टोर में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीर मानते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन में तथा डीएसपी गंगरार शिवन्यासिंह के सुपरविजन में पुलिस, रसद विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से कार्यवाही की गई।
रसद विभाग के प्रवर्तन निरीक्षक हिमांशु जोशी ने बताया कि मौके पर निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों में बिना किसी वैध अनुज्ञा के गैस भरी जा रही थी। यह पूरी प्रक्रिया सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए की जा रही थी, जिससे आसपास के क्षेत्र में किसी भी समय गंभीर हादसे की आशंका बनी हुई थी।
टीम ने किराणा स्टोर संचालक संदीप पुत्र नरेंद्र जागेटिया निवासी गंगरार को अवैध रिफिलिंग करते हुए मौके पर पकड़ा। तलाशी के दौरान भारत गैस के 28 सिलेंडर, इंडेन गैस के 12 घरेलू सिलेंडर और 2 व्यावसायिक सिलेंडर सहित कुल 42 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अलावा गैस भरने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण एवं तीन मोटरें भी जब्ती में ली गईं। जब्त किए गए सभी सिलेंडर और उपकरणों को इंडेन गैस एजेंसी गंगरार को सुपुर्द किया गया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि गैस को एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में भरकर बाजार में खपाया जा रहा था। इस अवैध गतिविधि से न केवल उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी हो रही थी, बल्कि जनसुरक्षा पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था। डीएसपी शिवन्यासिंह ने बताया कि अवैध गैस रिफिलिंग जैसी गतिविधियां अत्यंत खतरनाक होती हैं, जिनसे आगजनी, विस्फोट और जनहानि की संभावना बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि जिले में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी। प्रवर्तन निरीक्षक द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा मामले में गैस एजेंसियों की संभावित संलिप्तता को लेकर भी जांच जारी है।
DS7NEWS NETWORK CHITTORGARH
Tags
Breaking News