ऋषभदेव में दर्दनाक सड़क हादसा, बस-ट्रेलर टक्कर में दो की मौत, 15 यात्री घायल
डीएस सेवन न्यूज़ उदयपुर जिले के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। नेशनल हाईवे 48 पर पीपली ए स्थित राजपूताना होटल के सामने रात करीब एक बजे स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से सूरत की ओर जा रही थी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऋषभदेव पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल 13 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया।
हादसे में जयपुर के हर्मादा, सीकर रोड निवासी बस चालक रामलाल और राजसमंद जिले के देलवाड़ा निवासी मुकेश की मौत हो गई। मृतकों के शव सीएचसी की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, हालांकि ट्रेलर की नंबर प्लेट बस के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंसी मिली। मृत चालक के पुत्र महेंद्र ने मामले की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करवाई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Tags
Breaking News