चित्तौड़गढ़ 45 किलोग्राम से अधिक अवैध अफीम डोडाचुरा सहित आई-20 कार जब्त 1 आरोपी गिरफ्तार

नाकाबंदी में बड़ी कार्रवाई: आई-20 कार से 45 किलो से अधिक अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद, एक युवक गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बेगूं थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक आई-20 कार से भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए डोडाचूरा का कुल वजन 45 किलो 780 ग्राम बताया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा भगवत सिंह हिगड़ के निर्देशन एवं डीवाईएसपी अंजलि सिंह के सुपरविजन में बेगूं थाना पुलिस द्वारा जोगणियामाता घाटे पर नाकाबंदी की गई थी।

नाकाबंदी के दौरान थाना बेगूं क्षेत्र के गांव चन्दाखेड़ी ठुकराई की ओर से आ रही सफेद रंग की आई-20 कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन को मोड़ते हुए घाटे की ओर ले जाकर ठुकराई गांव के सरकारी स्कूल के पास खड़ा कर भागने की कोशिश की। पुलिस जाप्ता द्वारा तत्परता दिखाते हुए पीछा कर चालक को पकड़ लिया गया।

कार की तलाशी लेने पर डिक्की में रखे तीन प्लास्टिक के कट्टों से भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही डोडाचूरा जब्त कर वाहन को अपने कब्जे में ले लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अजमेर जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सराणा निवासी 19 वर्षीय राजू चौधरी पुत्र रामलाल चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post