गोगुंदा से बड़ी खबर: भीषण सड़क हादसा, 3 की मौत, दर्जनों घायल

गोगुंदा से बड़ी खबर: ससरेसा घाटे में दर्दनाक सड़क हादसा, तीन की मौत

डीएस सेवन न्यूज गोगुंदा क्षेत्र के कोटड़ा थाना इलाके में सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। कोटड़ा क्षेत्र के डिंगावरी गांव के पास ससरेसा घाटे में एक ओवरलोड जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि चलते समय जीप के ब्रेक अचानक फेल हो गए, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीप में सवार दर्जनों यात्री घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। खबर मिलते ही कोटड़ा पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। घायलों को खाई से बाहर निकालकर कोटड़ा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर कोटड़ा अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि जीप बिलवन से सवारियां लेकर कोटड़ा की ओर आ रही थी और उसमें क्षमता से अधिक यात्री बैठे थे, जिससे हादसे की गंभीरता बढ़ गई।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

DS7NEWS NETWORK UDAIPUR 

Post a Comment

Previous Post Next Post