उदयपुर पुलिस थाना डबोक की कार्रवाईःचोरी के मामले का खुलासा, स्कूटी बरामद, आरोपी गिरफ्तार

डबोक थाना पुलिस की तत्परता, चोरी का मामला सुलझा
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर जिले के डबोक थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए चोरी की गई स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत की भावना देखी जा रही है।

थाना डबोक पुलिस के अनुसार प्रार्थी रंजन सदा उर्फ बलराम पुत्र अर्जुन, मूल निवासी बेगूसराय (बिहार) हाल निवासी गुड़ली, डबोक ने 14 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 दिसंबर 2025 को वे सांवरा जी शनि भगवान के दर्शन के लिए बाहर गए थे। लौटने पर घर का ताला टूटा हुआ मिला और मकान से 60 हजार रुपये नकद, घड़ी, बैग सहित स्कूटी चोरी हो चुकी थी। अज्ञात चोर द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया था।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण संख्या 17/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 305(ए) व 331(3) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर योगेश गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल एवं सहायक पुलिस अधीक्षक मावली आशिमा वासवानी के मार्गदर्शन में डबोक थानाधिकारी हुकम सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने आसूचना संकलन और तकनीकी सहायता के आधार पर संदिग्धों पर नजर रखी। पूछताछ के दौरान आरोपी प्रिन्स पुत्र दिनेश, निवासी ब्राह्मणों की बावड़ी, गुड़ली को हिरासत में लिया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त किया गया है। चोरी गई नकदी और अन्य सामान की बरामदगी को लेकर पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post