अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती, 440 टन अवैध बजरी जब्त
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़। जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार के निर्देशानुसार लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चित्तौड़गढ़ जिले की तहसील बेगूं क्षेत्र में प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला कलक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग, खनन विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से जमा की गई बजरी के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए लगभग 440 टन बजरी जब्त की है।
तहसीलदार बेगूं गोपाल जीनगर ने बताया कि 2 जनवरी को तहसील बेगूं क्षेत्र के पटवार मंडल मोतीपुरा अंतर्गत ग्राम बड़ाखेड़ा में गहन निरीक्षण एवं तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने गांव के अलग-अलग पांच स्थानों पर बड़ी मात्रा में बजरी का अवैध स्टॉक पाया। जांच में सामने आया कि यह बजरी बिना किसी वैध अनुमति के और नियमों के विपरीत संग्रहित की गई थी।
संयुक्त टीम द्वारा मौके पर नियमानुसार मौका पर्चा तैयार किया गया और सभी स्थानों पर मिले बजरी स्टॉक को विधिवत जब्त किया गया। प्रारंभिक आंकलन के अनुसार जब्त की गई बजरी की कुल मात्रा लगभग 440 टन आंकी गई है। जब्त सामग्री को नियमानुसार सुपुर्दगी में लिया गया है।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अवैध खनन और भंडारण के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। संबंधित प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई प्रक्रिया में है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे। यह कार्रवाई जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Tags
Breaking News